Breaking

कैमोर से विजयराघवगढ़ तक गूंजा विरोध का स्वर, सवर्ण समाज ने निकाली ‘महा आक्रोश रैली’

 

सैकड़ों लोग सड़क पर उतरे, एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन; ‘UGC Roll Back’ और सवर्ण आयोग की मांग उठी

कैमोर/विजयराघवगढ़। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कैमोर क्षेत्र में सामान्य वर्ग के लोगों ने मंगलवार, 23 सितंबर को एकजुट होकर आवाज बुलंद की। दोपहर करीब 12 बजे कैमोर से शुरू हुई ‘महा आक्रोश रैली’ विजयराघवगढ़ स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

रैली में बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मांगों से जुड़ी तख्तियां थीं और वे सामान्य वर्ग से संबंधित मुद्दों को लेकर अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने की मांग कर रहे थे।

एसडीएम से नहीं हो सकी मुलाकात, अधिकारियों ने लिया ज्ञापन

ज्ञापन सौंपने के दौरान एसडीएम की तबीयत खराब होने के कारण प्रदर्शनकारियों की उनसे प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल से ज्ञापन प्राप्त किया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि ज्ञापन को नियमानुसार वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

कई स्थानीय चेहरे रैली में दिखे साथ

रैली में मुकेश गौतम, बाबा परोहा, प्रिंसू ठाकुर, विकास पांडे, बिक्कू दीक्षित, राधे तिवारी, रामानुज गर्ग और संजय सिंह सहित कई स्थानीय सामाजिक एवं क्षेत्रीय चेहरे मौजूद रहे। इनके साथ बड़ी संख्या में सामान्य वर्ग के नागरिक और युवा रैली में शामिल हुए।

UGC Roll Back और सवर्ण आयोग की मांग पर जोर

प्रदर्शन के दौरान ‘UGC Roll Back’ और सामान्य वर्ग के लिए ‘सवर्ण आयोग’ के गठन की मांग प्रमुखता से उठाई गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सामान्य वर्ग के युवाओं और समाज से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी तरीके से बात रखने के लिए अलग आयोग की आवश्यकता है।

रैली के समापन के बाद आयोजकों ने इसमें शामिल सभी लोगों का आभार जताया। कैमोर से विजयराघवगढ़ तक निकली इस रैली के जरिए प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को प्रशासन के माध्यम से केंद्र सरकार तक पहुंचाने का प्रयास किया।

कैमोर ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती कि कलम से...

Post a Comment

Previous Post Next Post