जबलपुर में वसूली के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, बैंक मैनेजर से मारपीट का आरोप; ₹16 हजार की रिकवरी राशि छीनने का भी दावा
जबलपुर। बकाया लोन की रकम वसूलने पहुंचे एक बैंक शाखा प्रबंधक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। केंट थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में बैंक मैनेजर की नाक पर चोट लगने की बात सामने आई है। घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। पीड़ित ने इस दौरान बैंक की करीब 15 से 16 हजार रुपये की रिकवरी राशि छीने जाने का भी आरोप लगाया है।
मामला यूनियन बैंक की ग्वारीघाट शाखा से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक शाखा प्रबंधक मनीष बैंक की रिकवरी टीम के साथ केंट क्षेत्र की गली नंबर 9 निवासी सतीश अग्रवाल के घर पहुंचे थे। बताया गया कि सतीश अग्रवाल पर बैंक का गोल्ड लोन बकाया था और भुगतान के संबंध में बैंक की ओर से नोटिस एवं संदेश भेजे जा चुके थे।
रिकवरी के दौरान शुरू हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि बैंक मैनेजर के घर पहुंचने के बाद लोन की बकाया रकम को लेकर बातचीत शुरू हुई। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद सतीश अग्रवाल ने बैंक मैनेजर के साथ मारपीट कर दी।
हमले में मैनेजर की नाक पर चोट लगी और खून निकलने लगा। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
रिकवरी की रकम छीनने का भी आरोप
पीड़ित बैंक मैनेजर का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके पास मौजूद बैंक की करीब ₹15-16 हजार रुपये की रिकवरी राशि भी जबरन ले ली गई। इस आरोप की भी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
शिकायत के बाद पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद बैंक मैनेजर ने केंट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। केंट थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटेल के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घायल मैनेजर को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे घटनाक्रम में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच जारी है।
ब्यूरो ऋषि रजक
देखें वीडियो
