Breaking

कैमोर में संघ का शक्ति प्रदर्शन नहीं, अनुशासन की कदमताल बनी आकर्षण, बाल स्वयंसेवकों ने भी दिखाई सहभागिता

 

शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विजयादशमी उत्सव का आयोजन, कथावाचक चंद्रभान प्यासी और जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी रहे मौजूद; बाल स्वयंसेवकों ने भी बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

कैमोर (कटनी)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कैमोर नगर में विजयादशमी उत्सव के तहत भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पूर्ण गणवेश में निकले 100 से अधिक स्वयंसेवकों की अनुशासित कदमताल और सामूहिक घोष से नगर का वातावरण उत्सवी नजर आया। आयोजन में कथावाचक चंद्रभान प्यासी मुख्य अतिथि तथा जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत खलवारा बाजार स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में शस्त्र पूजन के साथ हुई। पारंपरिक विधि-विधान से पूजन संपन्न होने के बाद स्वयंसेवकों ने दंड प्रदर्शन किया। इस दौरान लाठी संचालन और शारीरिक कौशल का प्रदर्शन भी किया गया।

बाल स्वयंसेवकों की भागीदारी बनी आकर्षण

आयोजन में समाजसेवी एवं अधिवक्ता पित्रेश पांडे की उपस्थिति भी रही। पथ संचलन के दौरान बाल स्वयंसेवकों की भागीदारी विशेष रूप से चर्चा का विषय रही। कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों के साथ नन्हे स्वयंसेवक साहिब चक्रवर्ती ने भी पूरे उत्साह के साथ संचलन में हिस्सा लिया। पूर्ण गणवेश में कदमताल करते बच्चों की भागीदारी ने आयोजन में नई पीढ़ी की उपस्थिति को रेखांकित किया।

नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरा पथ संचलन

शिशु मंदिर परिसर से प्रारंभ हुआ पथ संचलन खलवारा बाजार, मुख्य बाजार, गुरुद्वारा मार्केट और नगर परिषद मार्ग से होते हुए बस स्टैंड स्थित काली माता मंदिर पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। संचलन के दौरान स्वयंसेवकों द्वारा संगठन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े गीत एवं जयघोष किए गए। मार्ग में स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों की ओर से स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया।

संगठन और राष्ट्र निर्माण पर दिया जोर

समापन अवसर पर कटनी से पहुंचे वक्ताओं ने अपने संबोधन में संगठनात्मक एकता, सामाजिक समरसता और भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट कर राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाना आवश्यक है। कार्यक्रम में मातृशक्ति, गणमान्य नागरिकों और स्थानीय लोगों की भी सहभागिता रही।

आयोजन के संचालन और व्यवस्थाओं में नगर कार्यवाह विष्णु चतुर्वेदी की भूमिका रही। वहीं, पथ संचलन के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में स्थानीय पुलिस और नगर प्रशासन का सहयोग रहा।


ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम से ✍️ ✍️

Post a Comment

Previous Post Next Post