Breaking

कैमोर में गूंजे गणपति बप्पा के जयकारे

 


नगर की सुख-शांति, समृद्धि और स्वच्छता की कामना के साथ हुआ धार्मिक आयोजन, 56 भोग का प्रसाद पाकर श्रद्धालु हुए अभिभूत

कैमोर। गणपति उत्सव के उल्लास के बीच कैमोर नगर में बुधवार, 23 सितंबर को धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर की सुख-शांति, समृद्धि, आपसी सद्भाव और स्वच्छता की कामना को लेकर आयोजित कार्यक्रम में भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भव्य महाआरती की गई।

यह आयोजन नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती पलक नमित ग्रोवर के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। महाआरती के दौरान गणपति बप्पा के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक आयोजन में शामिल हुए।

अधिकारियों से लेकर सफाई मित्र तक हुए शामिल

कार्यक्रम में मुख्य नगरपालिका अधिकारी मनीष परते, स्वच्छता अधिकारी पृथ्वीराज सिंह, जल प्रदाय अधिकारी राम किंकर तिवारी, स्थापना प्रभारी अमित शर्मा सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर परिषद के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, स्वच्छता अमले, सफाई मित्रों और कैमोर के गणमान्य नागरिकों ने भी महाआरती में सहभागिता की। इस दौरान नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के साथ क्षेत्र में सुख-शांति और भाईचारे की कामना की गई।

56 भोग के महाप्रसाद ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता

पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद भगवान गणेश को अर्पित 56 व्यंजनों के महाभोग का प्रसाद श्रद्धालुओं, अधिकारी-कर्मचारियों और उपस्थित नागरिकों को वितरित किया गया।

गणपति बप्पा के जयघोष के बीच प्रसाद वितरण का सिलसिला चला। धार्मिक आयोजन के साथ नगर परिषद परिवार और नागरिकों की सामूहिक सहभागिता ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

स्वच्छता अमले की भी रही अहम भूमिका

कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने में नगर परिषद के स्वच्छता विभाग के अमले की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों की सहभागिता ने धार्मिक आयोजन के साथ स्वच्छता के संदेश को भी मजबूती दी।

कैमोर में आयोजित यह महाआरती धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामूहिक सहभागिता, स्वच्छता और नगर की खुशहाली की सामूहिक कामना का अवसर बन गई।

कैमोर ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती कि कलम से...

Post a Comment

Previous Post Next Post