Breaking

रंजिश में रिश्तों की मर्यादा तार-तार! बच्ची समेत पांच घायल, हथियार लहराते CCTV में कैद

 अस्पताल जाते समय रास्ते में घेरकर हमले का आरोप, दो परिवारों के बीच हिंसक टकराव से इलाके में दहशत; गोहलपुर पुलिस ने शुरू की जांच

जबलपुर। शहर के गोहलपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश की चिंगारी एक बार फिर हिंसक टकराव में बदल गई। बधैया मोहल्ले में सोमवार शाम दो परिवारों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष तक पहुंच गया। आरोप है कि दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडों और चाकू का इस्तेमाल किया गया। मारपीट और हमले की इस घटना में एक बच्ची सहित करीब पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।

घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मारपीट का पूरा घटनाक्रम आसपास लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। फुटेज सामने आने के बाद इलाके में घटना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

घर के बाहर शुरू हुआ विवाद, महिलाओं और बच्ची तक पहुंची मारपीट

घायल मुकेश चौधरी के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाले आदि, बमबम और रमेश चौधरी के साथ उनका लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। सोमवार शाम करीब चार बजे उनकी पत्नी घर के बाहर घरेलू काम कर रही थीं। इसी दौरान पड़ोसियों ने कथित तौर पर उनके साथ अभद्रता और छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष की महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं। आरोप है कि इस दौरान मुकेश की पत्नी और बच्ची के साथ मारपीट की गई, जिसमें दोनों को चोटें आईं।

अस्पताल के रास्ते में फिर घेरने का आरोप, चाकू से हमले में दो घायल

पीड़ित पक्ष की कहानी यहीं खत्म नहीं होती। मुकेश चौधरी का आरोप है कि रात में वह घायल पत्नी के लिए कपड़े और खाना लेकर अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में विरोधी पक्ष के लोगों ने उसे रोक लिया। देखते ही देखते कहासुनी फिर हिंसक टकराव में बदल गई।

आरोप है कि हमलावरों ने बच्ची पर कड़े से वार किया, जबकि मुकेश और उसके भाई लक्ष्मण पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने घर में घुसकर मारपीट करने और बाद में धमकियां देने के आरोप भी लगाए हैं।

CCTV में हथियार लिए नजर आए लोग, फुटेज बना जांच का अहम आधार

इस पूरे घटनाक्रम का CCTV फुटेज सामने आने के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है। फुटेज में कुछ लोग हाथों में हथियार लिए दिखाई देने की बात कही जा रही है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि हमले में शामिल लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और घटना के बाद से उन्हें लगातार धमकाया जा रहा है।

हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और CCTV फुटेज की वास्तविकता का परीक्षण पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

गोहलपुर पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश जारी

गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे के अनुसार, मारपीट की घटना में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही है और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि पुरानी रंजिश से शुरू हुआ विवाद आखिर किस तरह हथियारों के इस्तेमाल तक पहुंचा और इस हिंसक वारदात में किसकी कितनी भूमिका रही।


ब्यूरो ऋषि रजक ✍️

Post a Comment

Previous Post Next Post