जबलपुर। शहर में राहगीरों को निशाना बनाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों के खिलाफ माढ़ोताल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने देर रात घर लौट रहे एक व्यक्ति को रास्ते में रोककर पहले उसके साथ मारपीट की और फिर हाथ से सोने की अंगूठी तथा जेब में रखी नकदी छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत की डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद करने का दावा किया है।
कालीमाता मंदिर के पास बनाया था शिकार
पुलिस के अनुसार घटना 26 जुलाई 2026 की रात करीब 12:30 बजे की है। घड़ी चौक, विजयनगर निवासी प्रदीप कुमार नेमा चुंगी नाका की ओर से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कालीमाता मंदिर के पास दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि दोनों ने प्रदीप कुमार को पकड़ लिया और उनके साथ थप्पड़ों से मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने उनके हाथ से सोने की अंगूठी निकाल ली, जबकि दूसरे ने जेब में रखे करीब 400 रुपये भी छीन लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर माढ़ोताल थाने में अपराध क्रमांक 777/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज ने खोली लुटेरों तक पहुंचने की राह
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में नजर आए संदिग्धों के हुलिए के आधार पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद नंदू उर्फ शिव कुमार नायक (30), निवासी राजीव गांधी नगर, गली नंबर-2, माढ़ोताल को 17 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में नंदू ने कथित तौर पर लूट की अंगूठी अपने साथी के पास होने की जानकारी दी।
साथी तक पहुंची पुलिस, बरामद हुई 70 हजार की अंगूठी
इसके बाद पुलिस ने संजू केवट (22), निवासी करमेता क्षेत्र, राशन दुकान के पास साहू के मकान के पास, को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कथित रूप से लूटी गई डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है, बरामद कर ली। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-1 डॉ. आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक माढ़ोताल संभाग भगत सिंह गोठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
इनकी रही अहम भूमिका
लूट की वारदात का खुलासा करने, आरोपियों को पकड़ने और लूटी गई संपत्ति बरामद करने में थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार, उनि विश्वेश्वर वर्मा, सउनि विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक सचिन मेहरा, विनय सिंह, राहुल सिंह, निकेश सिंह, कुनाल यादव और बलराम वरकड़े की भूमिका बताई गई है।
जबलपुर ब्यूरो ऋषि रजक
