कैमोर (कटनी)। औद्योगिक नगरी कैमोर का खलवारा बाजार उस समय भक्तिमय रंग में रंग गया, जब श्री कसौधन वैश्य (गुप्ता) समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सजे-धजे वाहन पर आराध्य देव की मनमोहक छवि के साथ निकली यात्रा में समाज के वरिष्ठों से लेकर युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भजन-कीर्तन, ढोलक और मंजीरों की गूंज के बीच पूरा वातावरण श्रद्धा और उल्लास से सराबोर नजर आया।
शोभायात्रा का नेतृत्व कसौधन वैश्य समाज के अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने किया। आयोजन को सफल बनाने में समाज के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन और युवाओं की सक्रिय भागीदारी प्रमुख रही। वरिष्ठ मार्गदर्शकों पुरुषोत्तम गुप्ता, गुरुशरण गुप्ता, आनंदराम गुप्ता, लालजी गुप्ता, राजेश गुप्ता (पुष्पांजलि), महामंत्री सोनेलाल गुप्ता, जिला संगठन मंत्री शिवदयाल गुप्ता, राष्ट्रीय सदस्य डॉ. प्रहलाद गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, जौहरी गुप्ता, कैलाश गुप्ता, दिनेश गुप्ता एवं विजय गुप्ता (यश कैफे संचालक) सहित समाज के अनेक प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
वरिष्ठों का मार्गदर्शन, युवाओं का जोश बना आकर्षण
शोभायात्रा में समाज के वरिष्ठों के साथ युवाओं की सक्रिय टोली ने व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली। नगर परिषद एल्डरमैन अरुण गुप्ता के साथ गोलू गुप्ता, अतुल गुप्ता, सुभाष गुप्ता, विनय कुमार गुप्ता, शैलेन्द्र गुप्ता और आशुतोष गुप्ता सहित नवयुवक मंडल के सदस्यों ने आयोजन को व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
युवाओं के उत्साह और वरिष्ठों के अनुभव का संगम शोभायात्रा में साफ नजर आया। पारंपरिक भजनों और गीतों के बीच कई वरिष्ठजन भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए, जिससे माहौल और अधिक जीवंत हो गया।
मातृशक्ति ने भजनों से बांधा श्रद्धा का समां
शोभायात्रा का सबसे आकर्षक पक्ष समाज की महिलाओं और युवतियों की भागीदारी रही। हाथों में मंजीरे और ढोलक थामे महिलाओं की टोलियों ने आराध्य देव के भजनों और कीर्तन से वातावरण को भक्तिरस से भर दिया।
भक्ति गीतों की मधुर धुनें खलवारा बाजार के मुख्य मार्गों तक गूंजती रहीं। शोभायात्रा को देखने के लिए राहगीर और स्थानीय नागरिक भी जगह-जगह रुकते नजर आए।
फूलों से सजे वाहन पर विराजे आराध्य, जगह-जगह हुआ स्वागत
शोभायात्रा खलवारा बाजार के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। फूलों और आकर्षक रोशनी से सजे वाहन पर आराध्य देव की छवि विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर अपनी आस्था व्यक्त की।
देर तक चले इस धार्मिक आयोजन का समापन महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आयोजन में सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया।
कैमोर में आयोजित यह शोभायात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ समाज की एकजुटता, वरिष्ठों के मार्गदर्शन और युवाओं की सक्रिय भागीदारी का भी जीवंत उदाहरण बनी।
कैमोर से ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम से...


