Breaking

गणेश प्रतिमा स्थापना पर आमने-सामने आए दो परिवार

 


कटनी। गणेश प्रतिमा स्थापना को लेकर बुधवार देर शाम दुबे कॉलोनी में दो पक्षों के बीच उपजा विवाद आखिरकार आपसी बातचीत और मध्यस्थता के जरिए सुलझ गया। कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बने माहौल के बाद गुरुवार को मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल की पहल रंग लाई और दोनों परिवारों के बीच बातचीत कराकर मामले का पटाक्षेप कराया गया।

बताया गया कि बुधवार 16 सितंबर की देर शाम प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की प्रतिमा एवं पंडाल स्थापना को लेकर चौहान परिवार और चड्ढा परिवार के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित रखने और किसी भी अप्रिय परिस्थिति को रोकने के लिए कोतवाली पुलिस को भी मौके पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था संभालनी पड़ी।

मामले की जानकारी मिलने के बाद मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल ने दोनों पक्षों से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद विधायक ने अपने निवास पर दोनों परिवारों के सदस्यों को एक साथ बैठाकर बातचीत कराई। आमने-सामने हुई चर्चा में दोनों पक्षों के बीच उपजे गिले-शिकवे दूर करने का प्रयास किया गया और अंततः विवाद को समाप्त करने पर सहमति बनी।

अधिवक्ता एवं एल्डरमैन प्रमोद उर्फ टिंकू तिवारी ने बताया कि गणेश प्रतिमा पंडाल स्थापना को लेकर उपजे विवाद के कारण क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी थी। विधायक संदीप जायसवाल की पहल से दोनों परिवारों को एक साथ बैठाकर बातचीत कराई गई, जिसके बाद विवाद का समाधान हो गया।


इस दौरान केडीसी कॉलेज के संस्थापक जय चड्ढा, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष करण सिंह चौहान, भावुक चड्ढा, बॉबी चौहान, अधिवक्ता एवं एल्डरमैन प्रमोद उर्फ टिंकू तिवारी, रौनक खंडेलवाल, वरुण चड्ढा, शिव प्रकाश चतुर्वेदी, मंडल अध्यक्ष श्रीराम पटेल, समीर वर्मा, महात्मा श्रीवास, कमलेश कोरी, राजू यादव सहित चड्ढा और चौहान परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

तनाव से संवाद तक पहुंचा मामला

बुधवार देर शाम जहां गणेश प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी, वहीं अगले दिन दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद माहौल सामान्य हो गया। मध्यस्थता के जरिए हुए इस समाधान से क्षेत्र में शांति कायम होने का रास्ता साफ हुआ है।

फिलहाल विवाद का पटाक्षेप हो गया है और दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।


कटनी ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा की कलम से

Post a Comment

Previous Post Next Post