कटनी। शहर में संचालित कुछ स्पा सेंटरों को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच रविवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। बरगवां और कटाई घाट मोड़ के पास संचालित दो स्पा सेंटरों पर पुलिस टीम ने एक साथ दबिश देकर कुल 16 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें 10 युवतियां और 6 युवक बताए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुछ आपत्तिजनक सामग्री के साथ नशे की गोलियां और शराब की बोतलें बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, स्पा सेंटरों में संदिग्ध गतिविधियों को लेकर मिली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद डीएसपी शिवा पाठक के नेतृत्व में महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर और पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए रवाना किया गया।
पहला ठिकाना—बरगवां का अवा स्पा सेंटर
पुलिस टीम ने बरगवां स्थित अवा स्पा सेंटर पर दबिश दी। यहां पुलिस ने पांच युवतियों और एक युवक को हिरासत में लिया। पुलिस का दावा है कि मौके से कुछ आपत्तिजनक वस्तुओं के अलावा नशीली गोलियां और शराब की बोतलें भी मिली हैं।
दूसरे सेंटर पर भी कार्रवाई, 10 लोग पकड़े गए
इसके बाद पुलिस टीम कटाई घाट मोड़ के समीप स्थित नेचुरल थाई स्पा सेंटर पहुंची। पुलिस के अनुसार, यहां पांच युवतियां और पांच युवक संदिग्ध परिस्थितियों में मिले, जिन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस ने यहां से भी कुछ आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने की बात कही है।
इस तरह दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने 10 युवतियों और 6 युवकों को मिलाकर कुल 16 लोगों को हिरासत में लिया।
दूसरे राज्यों से आईं युवतियां भी जांच के दायरे में
पुलिस के अनुसार, हिरासत में ली गई कुछ युवतियां असम और पश्चिम बंगाल की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस अब उनके कटनी में रहने और स्पा सेंटर में काम करने से संबंधित दस्तावेजों तथा अन्य वैधानिक पहलुओं की जांच कर रही है।
साथ ही पुलिस द्वारा संबंधित स्पा सेंटरों के वास्तविक संचालकों और संचालन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई की भनक लगते ही सेंटर संचालकों में हड़कंप
पुलिस की कार्रवाई की खबर फैलते ही स्पा सेंटर संचालकों में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, कुछ सेंटर संचालक कार्रवाई की भनक लगते ही अपने प्रतिष्ठान बंद कर मौके से चले गए। पुलिस अब ऐसे सेंटरों की गतिविधियों और उनके संचालकों की जानकारी भी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि शहर में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों की आड़ में यदि कोई संदिग्ध गतिविधि चल रही थी, तो उसकी निगरानी अब तक कैसे होती रही?
पुलिस ने बरामद सामग्री और हिरासत में लिए गए लोगों के संबंध में जांच शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों और वैधानिक साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
देखिए, इस पूरी कार्रवाई को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने क्या जानकारी दी।
कटनी ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा की कलम से


