Breaking

जबलपुर वालों ध्यान दें! कल दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक इन रास्तों पर नहीं चलेंगे वाहन

 मुख्यमंत्री की पदयात्रा को लेकर जबलपुर में बदलेगा ट्रैफिक का गणित! दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक इन रास्तों पर वाहनों की नो एंट्री, जानिए पूरा रूट प्लान

जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 2 नवंबर 2026 को प्रस्तावित जबलपुर आगमन और पदयात्रा कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया है। मुख्यमंत्री की पदयात्रा के दौरान शहर के प्रमुख व्यावसायिक और भीड़भाड़ वाले इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। खासतौर पर गोल बाजार से लेकर मालवीय चौक तक का पूरा मार्ग रेड जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और ई-रिक्शा सहित सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें और शहर के प्रभावित इलाकों में आवागमन के लिए फ्लाईओवर को प्राथमिकता दें, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके।

गोल बाजार से मालवीय चौक तक रहेगा रेड जोन, छह घंटे वाहनों की नो एंट्री

मुख्यमंत्री की पदयात्रा के मद्देनजर निर्धारित वीआईपी मार्ग को पूरी तरह प्रतिबंधित क्षेत्र बनाया गया है। इस मार्ग में गोल बाजार से श्याम टॉकीज तिराहा, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, बड़ा फुहारा, भार्गव चौक, तुलाराम चौक, करमचंद चौक होते हुए मालवीय चौक तक का इलाका शामिल है।

इस पूरे रूट पर दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। गोल बाजार क्षेत्र में भी वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आसपास के अन्य क्षेत्रों में भी जरूरत के अनुसार वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है।

शहर में आने-जाने वालों के लिए तय किए गए वैकल्पिक रास्ते

यातायात पुलिस ने अलग-अलग दिशाओं से शहर आने वाले वाहन चालकों के लिए रूट डायवर्जन निर्धारित किया है।

1. दमोह नाका की ओर से आने वाले वाहन: गोल बाजार और मुख्य बाजार क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इन्हें बल्देवबाग से उखरी की ओर जाने वाले मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।

2. गोहलपुर की ओर से आने वाले वाहन: फ्लाईओवर का उपयोग करते हुए मदनमहल, सुहागन आभूषण मार्ग और तीनपत्ती चौक के रास्ते शहर की ओर जा सकेंगे।

3. हाईकोर्ट चौक की ओर से आने वाले वाहन: घंटाघर, तैयब अली चौक और तीनपत्ती तिराहा होते हुए रानीताल की तरफ जा सकेंगे।

4. छोटी लाइन एवं ब्लूम चौक की ओर से आने वाले वाहन: तीनपत्ती तिराहा से यातायात थाना तिराहा होते हुए फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सकेंगे। मदनमहल की ओर से आने वाले वाहनों को गेट नंबर-4 से डायवर्ट किया जाएगा। इसके अलावा तीनपत्ती से ज्योति टॉकीज और तैयब अली चौक होते हुए शहर की ओर जाने का विकल्प भी निर्धारित किया गया है।

लोडिंग-अनलोडिंग पर भी छह घंटे की रोक

व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए प्रशासन ने मालवाहक छोटे वाहनों के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए हैं। बल्देवबाग से पांडेय चौक और बल्देवबाग से रानीताल चौक तक दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे के बीच छोटे मालवाहक वाहनों की आवाजाही तथा सामान की लोडिंग-अनलोडिंग नहीं की जा सकेगी।

बसों की पार्किंग रानीताल स्टेडियम में, स्कूलों में खड़े होंगे निजी वाहन

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली बसों के लिए रानीताल स्टेडियम खेल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। अलग-अलग जिलों और मार्गों से आने वाली बसों के लिए प्रवेश मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं।

पाटन, कटंगी, दमोह, नरसिंहपुर और सिवनी की ओर से आने वाली बसें पाटन-कटंगी बायपास, दीनदयाल चौक, दमोह नाका फ्लाईओवर के नीचे से बल्देवबाग, आगा चौक होते हुए रानीताल चौक पहुंचेंगी। यहां यात्रियों को उतारने के बाद बसें यू-टर्न लेकर रानीताल स्टेडियम में पार्क होंगी।

कटनी, सिहोरा और डिंडौरी की ओर से आने वाली बसें आधारताल तिराहा, रद्दी चौकी, गोहलपुर चौक, दमोह नाका फ्लाईओवर के नीचे से बल्देवबाग और आगा चौक होते हुए रानीताल चौक पहुंचेंगी। यहां यात्रियों को उतारने के बाद निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ी होंगी।

मंडला की ओर से आने वाली बसें एकता मार्केट बायपास, चूल्हा गोलाई, तिलवारा, अंधमूक, पाटन-कटंगी बायपास, दीनदयाल चौक, दमोह नाका फ्लाईओवर के नीचे से बल्देवबाग और आगा चौक होते हुए रानीताल चौक पहुंचेंगी। इसके बाद यात्रियों को उतारकर रानीताल स्टेडियम में पार्क होंगी।

दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग

निजी वाहनों से आने वाले लोगों के लिए भी पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

दोपहिया वाहन: महाकौशल स्कूल और अंजुमन इस्लामिया स्कूल में पार्क होंगे।


चारपहिया वाहन: एमएलवी स्कूल और डीएन जैन स्कूल में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।


बसें: रानीताल स्टेडियम खेल परिसर में खड़ी होंगी।


कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी बसें उन्हीं निर्धारित मार्गों से वापस लौटेंगी, जिनसे वे कार्यक्रम स्थल तक पहुंची थीं।

यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस ने संस्कारधानी के नागरिकों से अपील की है कि मुख्यमंत्री की पदयात्रा के दौरान निर्धारित रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। बाजार एवं प्रतिबंधित क्षेत्रों की ओर अनावश्यक वाहन लेकर जाने से बचें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर शहर की सड़कों पर यातायात का नया खाका तैयार है। ऐसे में घर से निकलने से पहले अपना रास्ता जरूर तय कर लें, वरना कुछ मिनट की दूरी के लिए लंबा चक्कर लगाना पड़ सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post