Breaking

धनतेरस-दीपावली पर कटनी पुलिस का सुरक्षा चक्र तैयार, बाजारों में सादे कपड़ों में तैनात होंगे जवान!

 कटनी पुलिस अलर्ट मोड पर, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर बढ़ाई सुरक्षा; एसपी अभिनय विश्वकर्मा बोले—खुशियों के त्योहार में सुरक्षा और पर्यावरण का भी रखें ध्यान

कटनी। धनतेरस और दीपावली के त्योहार को लेकर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और चहल-पहल के बीच कटनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। खास बात यह है कि असामाजिक तत्वों, जेबकतरों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में भी महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने धनतेरस एवं दीपावली के अवसर पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए त्योहार को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार की खुशियों के बीच नागरिक अपनी और दूसरों की सुरक्षा के प्रति भी जिम्मेदार रहें।

भीड़भाड़ वाले बाजारों में पुलिस की निगरानी, गश्ती दल रहेंगे सक्रिय

त्योहार के मद्देनजर कटनी पुलिस ने सुरक्षा का विशेष खाका तैयार किया है। सभी थाना प्रभारियों और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने तथा बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। चीता मोबाइल और अन्य पुलिस गश्ती टीमें भी सक्रिय रहेंगी।

पुलिस की विशेष निगरानी का उद्देश्य भीड़ का फायदा उठाकर चोरी, जेबकटी और अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले तत्वों पर अंकुश लगाना है। सार्वजनिक स्थानों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पटाखों के शोर और प्रदूषण से बचें, बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें

एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने नागरिकों से पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने की अपील करते हुए कहा कि अत्यधिक ध्वनि और वायु प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों से दूरी बनाए रखें। पटाखे जलाते समय बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

नशे में वाहन चलाया तो खुशियों के बीच बन सकता है हादसे का कारण

पुलिस अधीक्षक ने यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि त्योहार के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतें, तेज रफ्तार से बचें और नशे की हालत में किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ें और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें।

कटनी पुलिस का कहना है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेगा। पुलिस की अपील साफ है—दीपावली की रोशनी में खुशियां बांटें, लेकिन सुरक्षा और जिम्मेदारी को नजरअंदाज न करें।

कटनी ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा की कलम से ✍️ ✍️

Post a Comment

Previous Post Next Post