Breaking

पवन बस में सफर कर रहा था 7 किलो गांजा, बरगी में पुलिस की घेराबंदी से तस्कर के मंसूबे ध्वस्त

 सिवनी से बस में बैठकर जबलपुर पहुंच रहा था गांजे का जखीरा, बरगी में पुलिस ने बिछाया जाल! 7 किलो से ज्यादा गांजे के साथ युवक गिरफ्तार

जबलपुर। नशे के अवैध कारोबारियों ने अब सार्वजनिक परिवहन को भी तस्करी का जरिया बनाना शुरू कर दिया है। सिवनी से जबलपुर की ओर आ रही एक यात्री बस में गांजे की खेप लेकर सफर कर रहे 23 वर्षीय युवक को क्राइम ब्रांच और बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने दबोच लिया। पुलिस की घेराबंदी में पकड़े गए आरोपी के बैग से चार पैकेटों में रखा 7 किलो 158 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 58 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

मुखबिर की सूचना पर NH-34 में बिछाया जाल

पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि करीब 22 से 25 वर्ष का एक युवक सिवनी की तरफ से पवन बस में सवार होकर बरगी आ रहा है। युवक ने काले रंग की जैकेट और ग्रे रंग की पैंट पहन रखी थी तथा उसके पास गांजे की बड़ी खेप होने की जानकारी मिली थी।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच और थाना बरगी पुलिस की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस एक्ट के निर्धारित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की तैयारी की। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर सागर ढाबा के समीप वाहन चेकिंग शुरू कर दी गई।

बस रुकते ही पुलिस की नजर संदिग्ध यात्री पर पड़ी


कुछ देर बाद सिवनी की ओर से पवन बस क्रमांक MP 50 ZK 1297 आती दिखाई दी। पुलिस ने बस को रुकवाकर तलाशी शुरू की। मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिये का एक युवक बस में बैठा मिला। पूछताछ में उसकी पहचान दीपक बर्मन (23 वर्ष), निवासी प्रेमसागर झंडा चौक, थाना हनुमानताल के रूप में हुई।

पुलिस ने उसे सामान सहित बस से नीचे उतारा और विधिक प्रक्रिया के तहत तलाशी ली। इस दौरान उसके पिट्ठू बैग और प्लास्टिक की थैली में चार पैकेटों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

चार पैकेटों में छिपी थी लाखों की नशे की खेप

पुलिस द्वारा गांजे का वजन कराने पर कुल मात्रा 7 किलो 158 ग्राम निकली। इसकी अनुमानित कीमत 3 लाख 58 हजार रुपये बताई गई है। मौके से आरोपी के कब्जे में मिला वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।

इस मामले में आरोपी दीपक बर्मन के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संयुक्त कार्रवाई

जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-3 मनीष भारद्वाज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक बरगी अंजुल अयंक मिश्रा तथा डीएसपी क्राइम उमेश तिवारी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना बरगी के उप निरीक्षक अनिल कुमार, सहायक उप निरीक्षक सोमनाथ अहिरवार, प्रधान आरक्षक होमन लाल, आरक्षक राजेश मेहरा एवं सुधीर कुमार सिंह की भूमिका रही।

वहीं क्राइम ब्रांच थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डे, प्रधान आरक्षक अटल जंघेला तथा आरक्षक राजेश मिश्रा, राजेश माथरे और रंजीत यादव ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

अब पुलिस की जांच का अगला सिरा गांजे की सप्लाई चेन से जुड़ा है। सवाल यह है कि सिवनी से जबलपुर तक पहुंची इस खेप के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और नशे का यह कारोबार किन ठिकानों तक फैला हुआ है?

बरगी से रवि लोधी ✍️

Post a Comment

Previous Post Next Post