Breaking

शराब के लिए मांगे 2 हजार, नहीं मिले तो चला दी गोली

 

जबलपुर। शहर में बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसकी बानगी लार्डगंज थाना क्षेत्र में सामने आई एक सनसनीखेज वारदात से देखने को मिली। शराब पीने के लिए दो हजार रुपये की मांग पूरी नहीं करने पर एक युवक पर पिस्टल से गोली चलाने और चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल देशी पिस्टल और चाकू भी बरामद कर लिया है।

मामूली रकम से इनकार बना जानलेवा हमले की वजह

पुलिस के मुताबिक, घटना 26 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे की है। सुपर मार्केट गंजीपुरा निवासी 26 वर्षीय तरुण उर्फ अनुपम मिरगे अपने दोस्त आसू साहू के साथ एक्टिवा से बड़ा फुहारा से समोसा लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान बासोड़ मोहल्ला की गली, साहू मोहल्ला के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि सत्या सिंह राजपूत, सत्यम साहू और वीरू संग्राम ने उससे शराब पीने के लिए दो हजार रुपये मांगे। तरुण ने रुपये देने से इनकार किया तो विवाद शुरू हो गया। गाली-गलौज का विरोध करना उसे भारी पड़ गया। आरोप है कि वीरू ने उसे पकड़ लिया, जबकि सत्या ने पिस्टल निकालकर गोली चला दी और सत्यम ने चाकू से हमला कर दिया।

हमले में गोली तरुण के बाएं घुटने में लगी, जबकि चाकू के वार से उसकी बाईं पसली और जांघ में चोट आई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचते ही पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घायल तरुण को परिजन तत्काल लार्डगंज थाना लेकर पहुंचे, जहां से उसे उपचार के लिए त्रिवेणी अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 766/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 119(1) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी लार्डगंज नवल सिंह आर्य के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

महाराजपुर बायपास पर घेराबंदी, तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर महाराजपुर बायपास पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में सत्या सिंह परिहार (29), निवासी गेट नंबर-4 मदनमहल, सत्यम साहू (21), निवासी पुस्तक वाली गली, साहू मोहल्ला लार्डगंज और वीरू उर्फ हर्ष संग्राम (23), निवासी बासोड़ मोहल्ला, पुस्तक वाली गली लार्डगंज शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी सत्या सिंह परिहार के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देशी पिस्टल और सत्यम साहू के पास से चाकू जब्त किया। पूछताछ में आरोपियों ने घायल तरुण की एक्टिवा महाराजपुर पेट्रोल पंप के पास खड़ी होना बताया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक्टिवा क्रमांक MP 20 SZ 2288 भी बरामद कर ली।

प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 का इजाफा करते हुए तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी में थाना प्रभारी लार्डगंज नवल सिंह आर्य के नेतृत्व में उप निरीक्षक आर.एस. ऐलाड़ी, उप निरीक्षक लेखराम नादोनिया तथा आरक्षक शुभम, पंकज और ऋषभ की सराहनीय भूमिका रही।

संदेश साफ है—शराब के लिए रंगदारी और विरोध करने पर जानलेवा हमला करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

ब्यूरो ऋषि रजक

Post a Comment

Previous Post Next Post