जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र का भोलानगर शनिवार शाम अचानक गोलियों की आवाज से दहल उठा। दो बाइक से पहुंचे चार युवकों ने वहां मौजूद दो युवकों पर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। वारदात के बाद हमलावर बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
दो बाइक से आए हमलावर, अचानक शुरू कर दी फायरिंग
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे की है। प्रेमसागर निवासी करन पावड़े अपने साथी अंकित रैकवार के साथ भोलानगर में मौजूद था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार चार युवक वहां पहुंचे और कथित तौर पर दोनों पर गोलियां चला दीं।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब तीन से चार राउंड फायर किए। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में भगदड़ मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सड़क पर लहूलुहान मिले दोनों युवक
फायरिंग के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों युवकों को घायल हालत में देखा और पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही हनुमानताल थाना पुलिस और प्रेमसागर चौकी की टीम मौके पर पहुंची।
गंभीर रूप से घायल अंकित रैकवार को तत्काल उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया। वहीं करन पावड़े को एम्बुलेंस से विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, संदिग्धों से पूछताछ
हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस मृतक के परिजनों और उसके परिचितों से भी जानकारी जुटा रही है।
इधर, पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पकड़कर थाने लाया है, जिनसे वारदात को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोलीबारी में कौन-कौन शामिल था और हमलावरों का मृतक व घायल युवक से क्या संबंध था।
हत्या की वजह अब भी बनी पहेली
फिलहाल पुलिस जांच में हत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। पुलिस संभावित विवाद, पुरानी रंजिश समेत वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। CCTV फुटेज और पूछताछ के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी ने भोलानगर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब फरार आरोपियों तक पहुंचने के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच कर रही है।
जबलपुर ब्यूरो ऋषि रजक

