जबलपुर में फिल्मी अंदाज में वारदात को दिया अंजाम, काली स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर ले गए थे युवक को; दो चाकू और पांच मोबाइल सहित वाहन जब्त
जबलपुर। शहर के व्यस्त सिविक सेंटर स्थित दवा बाजार में सरेआम युवक को अगवा करने की सनसनीखेज वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए। काली स्कॉर्पियो में पहुंचे आरोपियों ने दुकान के सामने से एक युवक को जबरन गाड़ी में बैठाया और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर पुलिस ने तलाश का दायरा बढ़ाया और आखिरकार मंडला जिले के टिकुरिया में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में रुपयों की मांग करने और मांग पूरी नहीं होने पर अपहरण करने की बात स्वीकार की है। कार्रवाई के दौरान वारदात में इस्तेमाल काली स्कॉर्पियो, दो चाकू और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
दुकान पर चल रही थी बातचीत, तभी पहुंच गई स्कॉर्पियो
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को सचिन नागदेव सिविक सेंटर स्थित अपनी एस.एम. फार्मा दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके बड़े पिताजी के बेटे सिद्धार्थ नागदेव उनसे मिलने दुकान पहुंचे। दोनों के बीच बातचीत चल रही थी, तभी शाम करीब 5:30 बजे बिना नंबर प्लेट की काली स्कॉर्पियो वहां आकर रुकी।
आरोप है कि अविरल सिंह ठाकुर अपने तीन-चार साथियों के साथ वाहन से उतरा और सिद्धार्थ के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जबरन स्कॉर्पियो में बैठा लिया। सचिन ने विरोध कर रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी वाहन लेकर तेजी से मौके से भाग निकले।
फिरौती के लिए अपहरण का खुलासा
घटना की रिपोर्ट थाना ओमती में दर्ज होने के बाद पुलिस ने अपहरण का मामला कायम कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना मिलने पर अपहृत युवक की तलाश और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गईं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक ओमती सोनू कुर्मी के मार्गदर्शन में निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस टीम ने मंडला जिले के टिकुरिया में दबिश दी। यहां से चारों संदिग्ध आरोपियों को स्कॉर्पियो वाहन सहित पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से अपहृत सिद्धार्थ नागदेव को भी बरामद कर लिया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, हथियार और मोबाइल जब्त
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
अविरल उर्फ स्वराज सिंह सेंगर (25), निवासी सिविल लाइन।
इमरान खान (24), निवासी बजरंग कॉलोनी, मैकेनिक जोन के पास, थाना सिविल लाइन।
आकाश छिपेलकर (26), निवासी इंद्र मार्केट, राम मंदिर के सामने, सिविल लाइन।
रिषभ पटेल (25), निवासी सिविल लाइन।
आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाईं
ओमती थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 613/26 में भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) और 296(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किया था। विवेचना के दौरान धारा 119(1), 3(5) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 का इजाफा किया गया। गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक श्रीराम सनोडिया, शिव गोपाल गुप्ता, मयंक यादव तथा आरक्षक अभिषेक सिंह, रामनरेश बघेल, संतोष उइके, पंकज शोले और सुनील पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
सिविक सेंटर जैसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए इस अपहरण ने शहर में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए थे। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई में अपहृत युवक की बरामदगी और चार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामले में आगे की विवेचना जारी है।

