Breaking

बारिश के बीच जर्जर इमारत का बारजा बना मौत का सबब


कटनी। लगातार हो रही बारिश के बीच कटनी में जर्जर भवन का एक हिस्सा अचानक ढह गया। रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के मिशन चौक में हुए इस हादसे में भवन के बारजे पर खड़े एक अधेड़ व्यक्ति भी मलबे के साथ नीचे आ गिरे। गंभीर चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जर्जर भवन का हिस्सा अचानक भरभराकर गिरा

जानकारी के अनुसार हादसा बजाज एजेंसी के सामने, सागर पुलिया के समीप स्थित अग्रवाल बिल्डिंग में हुआ। पुलिस के मुताबिक यहां प्रेमलाल पिता लूसन प्रसाद गड़ारी किराए से रहते थे।

बताया जा रहा है कि पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण भवन पहले से ही जर्जर स्थिति में था। इसी दौरान अचानक बारजे का एक हिस्सा टूटकर नीचे आ गिरा। हादसे के वक्त प्रेमलाल बारजे पर मौजूद थे और वह भी उसके साथ नीचे गिर गए।

मलबे में दबे अधेड़ ने मौके पर तोड़ा दम

बारजा गिरते ही प्रेमलाल मलबे की चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रंगनाथ नगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है।

पुलिस जुटी हादसे की जांच में

रंगनाथ नगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर लगातार बारिश और भवन की जर्जर स्थिति को हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह और भवन की स्थिति से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

बारिश के दौरान जर्जर भवनों को लेकर सुरक्षा के सवाल एक बार फिर सामने आ गए हैं। कटनी में हुए इस हादसे ने यह भी सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या ऐसे भवनों की समय रहते जांच और सुरक्षा संबंधी कार्रवाई की जा रही है।


कटनी ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा की कलम से...

Post a Comment

Previous Post Next Post