Breaking

भगवान विश्वकर्मा के दरबार में पहुंचे कटनी एसपी, स्वागत से खिल उठे समाजजनों के चेहरे



 कटनी। विश्वकर्मा जयंती के पावन अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को कटनी के सिविल लाइन स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। मंदिर में आयोजित हवन-पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रम में विश्वकर्मा मंदिर ट्रस्ट कमेटी के पदाधिकारियों सहित समाज के वरिष्ठजन और मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा भगवान विश्वकर्मा के मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। एसपी के मंदिर पहुंचने पर समाज के लोगों में विशेष उत्साह नजर आया और विश्वकर्मा परिवारों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।

पुलिस अधीक्षक ने भगवान विश्वकर्मा के समक्ष पूजन-अर्चन कर सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट कमेटी के पदाधिकारियों एवं समाज के वरिष्ठजनों द्वारा पुलिस अधीक्षक का सम्मान भी किया गया।


 

धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में हवन और पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से परिवार एवं समाज की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में सुरेश विश्वकर्मा, गोपी विश्वकर्मा, केशव विश्वकर्मा, राकेश विश्वकर्मा, लक्ष्मी विश्वकर्मा, रमेश विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजजन एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।

विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देता नजर आया। मंदिर परिसर में पूरे समय श्रद्धा, उल्लास और आपसी सौहार्द का वातावरण बना रहा।


कटनी ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा की कलम से


Post a Comment

Previous Post Next Post