कटनी बरही। भगवान विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर 17 सितंबर को बरही नगर का विजयनाथ धाम परिसर उस वक्त कुश्ती के रंग में रंग गया, जब यहां आयोजित भव्य अंतर्राज्यीय इनामी दंगल में देश के विभिन्न राज्यों से आए नामचीन पहलवानों ने अखाड़े में अपना दमखम दिखाया। दोपहर से शुरू हुए इस आयोजन को देखने के लिए हजारों की संख्या में खेलप्रेमी और दर्शक विजयनाथ धाम के मेला ग्राउंड में जुटे।
दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश से पहुंचे चुनिंदा महिला एवं पुरुष पहलवानों ने अलग-अलग मुकाबलों में अपनी कुश्ती कला और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। कई पहलवान राज्य स्तर पर केसरी का खिताब हासिल कर चुके हैं, जबकि प्राचीन अखाड़ा परंपरा से जुड़े नामी अखाड़ों के खलीफा भी अपने शिष्यों के साथ आयोजन में पहुंचे।
अखाड़े में जैसे-जैसे मुकाबले आगे बढ़े, दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। पहलवानों के शानदार दांव-पेंच, ताकत और फुर्ती ने मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। हर जोरदार पकड़ और पलटवार के साथ दर्शकों की तालियों और उत्साह की आवाज से पूरा मेला परिसर गूंजता रहा।
महिला पहलवानों ने भी बटोरी सुर्खियां
इस दंगल की खासियत महिला पहलवानों की दमदार मौजूदगी रही। हरियाणा और पंजाब से आई महिला पहलवानों ने अखाड़े में उतरकर अपनी कुश्ती क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। उनके मुकाबलों ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा। बेहतरीन तकनीक और दांव-पेंच के प्रदर्शन के बाद विजेता पहलवानों को मुख्य अतिथियों द्वारा इनामी राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जन्मदिन पर मोहित शर्मा ने कराया भव्य आयोजन
इस विशाल दंगल का आयोजन बरही नगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहित बीतू शर्मा द्वारा अपने जन्मदिन के अवसर पर कराया गया। आयोजन के दौरान केक काटकर उन्होंने इस अवसर को यादगार बताया। आयोजकों के अनुसार पिछले वर्ष मिले दर्शकों के उत्साह और आयोजन की सफलता को देखते हुए इस बार दंगल को और व्यापक स्वरूप दिया गया, जिसमें देश और प्रदेश स्तर पर अपनी पहचान बना चुके पहलवानों को अखाड़े में आमंत्रित किया गया।
हजारों दर्शकों की मौजूदगी, सुरक्षा के भी इंतजाम
दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में महिला-पुरुष दर्शक विजयनाथ धाम पहुंचे। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। आयोजन समिति की ओर से दर्शकों के लिए बैठने और जलपान की व्यवस्था भी की गई।
कार्यक्रम में दंगल आयोजन समिति के अध्यक्ष अशोक वर्मा, मुख्य अतिथि कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष कुंवर सौरभ सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संदीप बाजपेई पप्पू, विशिष्ट अतिथि गणेश राव, शैलेन्द्र शुक्ला, प्रभाकर तिवारी तथा कांग्रेस युवा नेता विकास गुप्ता मंच पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता बीडी अवस्थी ने किया। विजयनाथ धाम की धरती पर हुए इस कुश्ती आयोजन ने पारंपरिक अखाड़ा संस्कृति और आधुनिक खेल प्रतिस्पर्धा का ऐसा संगम पेश किया, जिसने देर तक दर्शकों को बांधे रखा।
कटनी ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा की कलम से

