Breaking

गणेशोत्सव से पहले कैमोर में प्रशासन की चौपाल

 

थाना परिसर में सजी शांति समिति की बैठक, पंडाल से लेकर डीजे और यातायात व्यवस्था तक पर प्रशासन की दो टूक हिदायत

कैमोर। आगामी गणेशोत्सव एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कैमोर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे।

हालांकि नगर में करीब दो दर्जन गणेश उत्सव समितियां सक्रिय होने के बावजूद बैठक में लगभग एक दर्जन समितियों के प्रतिनिधियों की ही मौजूदगी नजर आई। ऐसे में त्योहार के दौरान प्रशासन और सभी समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखना भी बैठक के प्रमुख मुद्दों में शामिल रहा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त


 बैठक में कानून व्यवस्था, गणेश प्रतिमाओं के पंडाल, सुरक्षा इंतजाम, यातायात व्यवस्था और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा ने गणेश उत्सव समितियों से शासन एवं न्यायालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पंडालों में सुरक्षा मानकों का ध्यान रखने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाए। डीजे एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य बताया गया।

अफवाहों से बचें, सोशल मीडिया पर रखें नजर

बैठक में सोशल मीडिया के जरिए फैलने वाली भ्रामक खबरों और अफवाहों को लेकर भी लोगों को सतर्क किया गया। अधिकारियों ने अपील की कि किसी भी विवादित अथवा भ्रामक पोस्ट को बिना सत्यापन आगे प्रसारित न करें और संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

नगर परिषद ने सफाई और प्रकाश व्यवस्था का दिया भरोसा

नगर परिषद उपाध्यक्ष संतोष केवट ने त्योहार के दौरान नगर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर परिषद स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जाएंगी।

कौमी एकता और भाईचारे का संदेश


 

बैठक में अधिवक्ता ब्रह्ममूर्ति तिवारी, वरिष्ठ समाजसेवी गुरदीप सिंह वेदी, शहर सदर हाजी गुलाम भाई, हाजी नसीम खान, डॉ. सुभाष चंद्र ग्रोवर, पार्षद राजेश पांडेय, विद्युत विभाग से राजू विश्वकर्मा, एसीसी/अडानी एवं एवरेस्ट इंडस्ट्रीज के सुरक्षा प्रबंधकों सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि कैमोर क्षेत्र लंबे समय से कौमी एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल रहा है। सभी ने भरोसा दिलाया कि आगामी गणेशोत्सव में भी इसी परंपरा को कायम रखते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण और गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।

बैठक में पुलिस-प्रशासन के साथ पत्रकारों की भी सक्रिय मौजूदगी

शांति समिति की बैठक में स्थानीय पत्रकारों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और त्योहार के दौरान प्रशासन तथा आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं सूचनाओं के आदान-प्रदान को लेकर अपनी भूमिका निभाने का भरोसा दिलाया।

बैठक में मंडल अध्यक्ष भवानी राजा मिश्रा, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष अजय शर्मा, थाना प्रभारी आशीष कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक दिनेश कुरौसिया एवं उपनिरीक्षक विनोद दाहिया सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

कुल मिलाकर बैठक का संदेश साफ रहा—आस्था के उत्सव में उत्साह हो, लेकिन कानून व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और सामाजिक सौहार्द से कोई समझौता न हो।

कैमोर ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम से


Post a Comment

Previous Post Next Post