Breaking

कैमोर में 24 घंटे की दहशत का अंत!

 

धन्नू मढ़िया क्षेत्र में लगातार हमलों से मचा था हड़कंप, पार्षद शरीफ खान की पहल पर पहुंची नगर परिषद की टीम; जाली और सुरक्षा उपकरणों की मदद से चलाया गया रेस्क्यू अभियान

कैमोर। नगर परिषद कैमोर के वार्ड क्रमांक 14 स्थित धन्नू मढ़िया क्षेत्र में पिछले 24 घंटों से लोगों के बीच भय और दहशत का माहौल बना हुआ था। एक आक्रामक श्वान ने बाजार से गुजरने वाले करीब 10 से 12 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और राहगीरों में चिंता बढ़ गई थी। आखिरकार नगर परिषद की टीम और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से इस आक्रामक श्वान को पकड़ लिया गया, जिसके बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।

पार्षद की पहल पर हरकत में आया नगर परिषद प्रशासन

मामले की गंभीरता को देखते हुए वार्ड क्रमांक 12 के पार्षद शरीफ खान (पप्पू टेलर) ने तत्काल पहल की। उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनीष परते को स्थिति से अवगत कराते हुए कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर सीएमओ ने तत्परता दिखाते हुए सफाई कर्मचारियों की टीम को मौके पर रवाना किया।

इसके बाद सफाई मुकद्दम संदीप मलिक के नेतृत्व में कर्मचारी सुधीर, दुखीराम और अन्य सफाईकर्मियों ने स्थानीय सहयोगियों के साथ मोर्चा संभाला।

काफी मशक्कत के बाद काबू आया आक्रामक श्वान

रेस्क्यू अभियान आसान नहीं था। आक्रामक हो चुके श्वान को नियंत्रित करना टीम के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा था। हालांकि कर्मचारियों और स्थानीय युवाओं ने सूझबूझ तथा साहस का परिचय देते हुए जाली और जरूरी सुरक्षा उपकरणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया।

इस अभियान में पार्षद पप्पू शरीफ खान के साथ मोहल्ले के करीब आधा दर्जन जागरूक नागरिकों ने भी सक्रिय सहयोग किया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया, एंटी-रेबीज टीकाकरण की जानकारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमले में घायल सभी लोगों को उपचार और एंटी-रेबीज टीकाकरण के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद बाजार के व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने राहत जताते हुए नगर परिषद की टीम, सफाई मुकद्दम संदीप मलिक, कर्मचारियों सुधीर, दुखीराम और पार्षद शरीफ खान के प्रयासों की सराहना की।

बहरहाल, इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर आवारा एवं आक्रामक पशुओं से नागरिकों की सुरक्षा और समय पर प्रशासनिक कार्रवाई की जरूरत को सामने ला दिया है।

कैमोर ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम ✍️ से

Post a Comment

Previous Post Next Post