कैमोर में श्रमिक एकता का असर, बीएमएस के आंदोलन के बाद श्रमिकों के बकाया हक मिलने का दावा; दिवाली पर परिवारों के चेहरों पर लौटी मुस्कान
कैमोर (अमेहठा)। श्रमिकों की एकजुटता और अपने अधिकारों के लिए लगातार किए गए संघर्ष का असर आखिरकार सामने आया है। एसीसी अमेहठा प्लांट में कार्यरत एक हजार से अधिक श्रमिकों को पिछले पांच वर्षों से लंबित बोनस और छुट्टियों की राशि का भुगतान किए जाने की जानकारी सामने आई है। कैमोर सीमेंट एवं खदान कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ) ने इसे श्रमिकों के लंबे संघर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
संघ के मुताबिक, लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे श्रमिकों के मुद्दे को संगठन ने लगातार प्रबंधन के समक्ष उठाया। कई दौर के प्रयासों और दबाव के बाद प्रबंधन ने दिवाली से पहले तथा त्योहार के तुरंत बाद संबंधित श्रमिकों को उनकी बकाया राशि का भुगतान किया। इस फैसले से एक हजार से अधिक श्रमिकों और उनके परिवारों को राहत मिली है।
कंपनी गेट पर लिया था संकल्प, भुगतान के बाद पूरी हुई प्रतिज्ञा
इस पूरे संघर्ष में संघ के अध्यक्ष गणेश राव के मार्गदर्शन के साथ महामंत्री मुकेश गौतम और कार्यकारी अध्यक्ष संजय सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण रही। विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों पदाधिकारियों ने कंपनी गेट पर श्रमिकों के बीच यह संकल्प लिया था कि जब तक कर्मचारियों को उनका लंबित बोनस और छुट्टी की राशि नहीं मिल जाती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।
संघ का कहना है कि इसी संकल्प को केंद्र में रखकर संगठन ने लगातार प्रयास किए और अंततः श्रमिकों को भुगतान दिलाने में सफलता हासिल की।
पांच साल की नाराजगी के बाद श्रमिकों में उत्साह
लंबे समय से बकाया राशि को लेकर श्रमिकों में असंतोष बना हुआ था। अब भुगतान की खबर से प्लांट परिसर और श्रमिक बस्तियों में खुशी का माहौल है। श्रमिकों ने इसे अपने अधिकारों की लड़ाई में संगठन की एकजुटता का परिणाम बताया।
अधिकारों पर आंच आई तो फिर उठेगी आवाज
इस उपलब्धि के बाद संघ के पदाधिकारियों ने श्रमिकों को बधाई देते हुए संगठन की एकजुटता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों के सम्मान, हितों और अधिकारों से जुड़े किसी भी मुद्दे पर संगठन आगे भी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
पदाधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि केवल बकाया राशि मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने से श्रमिकों की समस्याओं को मजबूती से सामने लाया जा सकता है।
पांच साल के लंबे इंतजार के बाद मिले भुगतान ने श्रमिकों के बीच एक बार फिर एकता और संगठन की ताकत को चर्चा में ला दिया है। इसी उत्साह के बीच प्लांट परिसर में 'श्रमिक एकता जिंदाबाद' के नारे भी गूंज उठे।
कैमोर ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम ✍️ से

