कटनी जिले के चाका प्राथमिक स्कूल में खाना बनाने के दौरान अचानक छत का छज्जा गिरने से चार महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल महिलाओं को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।
खाना बनाते समय हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना कुठला थाना क्षेत्र के चाका प्राथमिक स्कूल की है। स्कूल में भोजन तैयार करने के दौरान अचानक छत का छज्जा गिर गया। इसकी चपेट में आने से वहां काम कर रहीं चार महिलाएं घायल हो गईं।
घायलों की पहचान ममता बर्मन, अहिल्या बर्मन, आशा बाई बर्मन और दुर्गाबाई बर्मन के रूप में हुई है। हादसे के बाद चारों को उपचार के लिए कटनी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
20 वर्षों से स्कूल में बना रहीं थीं भोजन
इस घटना का एक अहम पहलू यह भी है कि घायल चारों महिलाएं पिछले करीब 20 वर्षों से स्कूल में भोजन बनाने का काम कर रही हैं। भोजन तैयार करने के दौरान हुए इस हादसे ने स्कूल परिसर की सुरक्षा और भवन की स्थिति को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।
अस्पताल में उपचार जारी, हादसे के कारणों पर नजर
फिलहाल चारों महिलाओं का डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है। छत का छज्जा किन परिस्थितियों में गिरा और भवन की स्थिति कैसी थी, इसे लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि घटना के बाद स्कूल भवन की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जाती है या नहीं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके ।
कटनी ब्यूरो चीफ हीरा विश्वकर्मा की कलम से ✍️

