थाने के सामने से गुजर रहे ओवरलोड वाहन, सड़क पर बिखर रही 20 एमएम गिट्टी और उड़ रही स्टोन डस्ट; स्कूली बच्चों सहित राहगीरों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल
कैमोर (कटनी)। औद्योगिक नगरी कैमोर की मुख्य सड़क इन दिनों आम नागरिकों के लिए मुसीबत का सबब बनती जा रही है। थाने से अमरैयापार तक के रहवासी मार्ग पर कथित तौर पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और उनसे गिरती गिट्टी ने सड़क को दुर्घटनाओं के खतरे में डाल दिया है। हालात ऐसे हैं कि सड़क पर बिखरी 20 एमएम गिट्टी दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों के लिए गंभीर जोखिम बन रही है, वहीं भारी वाहनों से उड़ती स्टोन डस्ट लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस मार्ग से स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और रोजाना आवागमन करने वाले सैकड़ों लोगों का गुजरना होता है। ऐसे में सड़क पर फैली गिट्टी और धूल का गुबार किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका को जन्म दे रहा है। सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई कब करेंगे?
करोड़ों के CCTV कैमरे, फिर भी कार्रवाई का इंतजार!
कैमोर में सुरक्षा और निगरानी के उद्देश्य से अदाणी एसीसी कंपनी तथा नगर परिषद द्वारा विभिन्न स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए गए हैं। इसके बावजूद यदि मुख्य मार्ग पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही और सड़क पर गिट्टी गिरने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, तो निगरानी व्यवस्था की उपयोगिता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
इन कैमरों की फुटेज के माध्यम से संबंधित वाहनों की पहचान कर परिवहन नियमों के उल्लंघन की जांच की जा सकती है। इसके बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई भी संभव है। लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से स्थानीय नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही है।
थाने के सामने से गुजरते भारी वाहन, जिम्मेदारों की नजर कब पड़ेगी?
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी वाहन कैमोर थाने के सामने से गुजरते हुए इसी मुख्य मार्ग पर आवागमन करते हैं। दिनभर अधिकारियों और जिम्मेदार विभागों के वाहनों की आवाजाही भी इसी रास्ते से होती है। इसके बावजूद सड़क पर बिखरी गिट्टी और धूल की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाना प्रशासनिक सक्रियता पर सवाल खड़े कर रहा है।
स्थिति यह है कि सड़क पर फैली गिट्टी से वाहन फिसलने और दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। वहीं लगातार उड़ती धूल से आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पत्रकारों की ग्राउंड रिपोर्ट के बाद भी नहीं बदले हालात
इस जनसमस्या को प्रमुखता से उठाते हुए पुलिस ब्यूरोक्रेट्स न्यूज के स्थानीय संवाददाता गुलशन चक्रवर्ती ने मौके पर पहुंचकर ग्राउंड रिपोर्ट तैयार की थी। रिपोर्ट में सड़क पर बिखरी गिट्टी और उड़ती धूल की वास्तविक स्थिति को सामने लाया गया।
स्थानीय पत्रकारों द्वारा भी पूर्व में इस मुद्दे को समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से उठाया जा चुका है। सोशल मीडिया पर भी नागरिक लगातार अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलना क्षेत्रवासियों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
हादसे के बाद जागने की परंपरा कब बदलेगा प्रशासन?
स्थानीय नागरिकों और सफाईकर्मियों ने मांग उठाई है कि प्रशासन तत्काल इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ओवरलोड वाहनों की जांच कराए। CCTV फुटेज के आधार पर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की पहचान की जाए, सड़क पर गिरी गिट्टी तत्काल हटवाई जाए और परिवहन के दौरान सामग्री सड़क पर न गिरे, इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था लागू की जाए।
नागरिकों का कहना है कि किसी दुर्घटना के बाद कुछ दिनों तक कार्रवाई दिखाई देती है, लेकिन फिर हालात पहले जैसे हो जाते हैं। इस बार केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि स्थायी समाधान की जरूरत है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही जागेगा या समय रहते इस सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाएगा? कैमोर की जनता जवाब चाहती है।
कैमोर ब्यूरो गुलशन चक्रवर्ती की कलम ✍️ से


