Breaking

नाकाबंदी देख भागे शराब तस्कर, पिकअप छोड़कर फरार—130 कार्टून शराब बरामद, 19 लाख से ज्यादा का माल जब्त

 

जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई के बीच संजीवनी नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शराब से लदी एक बोलेरो पिकअप को जब्त कर उसमें रखे देशी-विदेशी शराब के 130 कार्टून बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक और उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। पुलिस अब दोनों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बोलेरो पिकअप क्रमांक MP 32 G 0493 में भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब लेकर पनागर की ओर से नागपुर तरफ निकलने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए संजीवनी नगर पुलिस ने अंधमूक बायपास के पास नाकाबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू कर दी।

बताया गया कि पुलिस की नाकाबंदी देखकर पिकअप चालक ने वाहन को अचानक मोड़ा और यू-टर्न लेकर कटनी रोड की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया और इसकी सूचना माढ़ोताल पुलिस को भी दी गई।

कुछ दूरी तक पीछा करने के बाद पिकअप चालक ने नेशनल हाईवे पर महिंद्रा वर्कशॉप के सामने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।

पन्नी हटाई तो खुला शराब का बड़ा खेल

पुलिस ने पिकअप की तलाशी ली तो उसके पिछले हिस्से को रस्सी से बांधकर पीले रंग की पन्नी से ढका गया था। पन्नी हटाते ही अंदर शराब के कार्टून देखकर पुलिस भी सतर्क हो गई।

जांच में वाहन से बड़ी मात्रा में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब, बीयर और देशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 4,450 पाव अंग्रेजी शराब, 36 बोतल, 336 बीयर केन, 192 बीयर केन तथा 700 पाव देशी शराब शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख 80 हजार रुपये है, जबकि शराब ढोने में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप की कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने करीब 19 लाख रुपये से अधिक का माल जब्त किया है।

फरार आरोपियों की तलाश तेज

पुलिस ने बोलेरो चालक और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई

अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को लगातार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई में थाना प्रभारी संजीवनी नगर बी.डी. द्विवेदी, चौकी प्रभारी धनवंतरी नगर उप निरीक्षक दुर्गेश मरावी, सहायक उप निरीक्षक अजय झारिया सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही। माढ़ोताल थाना पुलिस टीम ने भी फरार आरोपियों की तलाश और पीछा करने में सहयोग किया।

ब्यूरो ऋषि रजक

Post a Comment

Previous Post Next Post