CCTV ने खोला चोरी का राज, 6 मोबाइल, सोने जैसा लॉकेट और 17 हजार नकद बरामद; वारदात में इस्तेमाल पल्सर भी जब्त
जबलपुर। परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों की खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाकर डिक्की से मोबाइल, नकदी और कीमती सामान उड़ाने वाले एक शातिर आरोपी को माढ़ोताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मास्टर चाबियों की मदद से दोपहिया वाहनों की डिक्की खोलता और मौका मिलते ही सामान लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, सोने जैसा एक लॉकेट, 17 हजार रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल पल्सर मोटरसाइकिल और डिक्की खोलने वाली मास्टर चाबियां बरामद की हैं।
परीक्षा देने गईं, लौटकर देखा तो डिक्की साफ
मामला 24 सितंबर का है। समदड़िया कॉलोनी निवासी प्राची भोसले परीक्षा देने ग्लोबल कॉलेज पहुंची थीं। परीक्षा के दौरान उन्होंने अपना मोबाइल और सोने का लॉकेट एक्टिवा की डिक्की में रख दिया था। परीक्षा खत्म होने के बाद जब वह वाहन के पास पहुंचीं और डिक्की खोली तो सामान गायब था।
जांच में सामने आया कि आसपास खड़े अन्य परीक्षार्थियों के वाहनों की डिक्कियों से भी मोबाइल, नकदी और अन्य सामान गायब था। शिकायत के बाद माढ़ोताल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
CCTV में दिखा संदिग्ध, पुलिस ने जोड़ा पूरा लिंक
पुलिस ने परीक्षा केंद्र और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने प्रतीक उर्फ गोलू सोनी (38), निवासी मानस बिहार कॉलोनी, लमती को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस का दावा है कि वह पल्सर से ग्लोबल कॉलेज के आसपास पहुंचा था और मास्टर चाबियों से करीब 8 से 10 वाहनों की डिक्की खोलने का प्रयास किया। इनमें से कुछ वाहनों के लॉक खुल गए, जिसके बाद मोबाइल, नकदी और अन्य सामान चोरी किया गया।
ATM कार्ड से भी निकाले रुपये
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने चोरी किए गए ATM कार्ड का इस्तेमाल कर 10 हजार रुपये और निकाले। आरोपी की निशानदेही पर घर में पलंग के अंदर छिपाकर रखे गए चोरी के मोबाइल, लॉकेट और नकदी बरामद की गई।
पुलिस ने कुल 17 हजार रुपये नकद, 6 मोबाइल, लॉकेट, पल्सर मोटरसाइकिल और मास्टर चाबियां जब्त कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में हत्या के प्रयास, लूट और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका
माढ़ोताल थाना प्रभारी वीरेन्द्र सिंह पवार के नेतृत्व में उप निरीक्षक विजय पुष्पकार, सहायक उप निरीक्षक विजय शुक्ला, प्रधान आरक्षक बलराम पाण्डेय, मुनीम मर्सकोले, सचिन मेहरा, आरक्षक विनय सिंह, राहुल, कुनाल यादव, निकेश तथा विजय नगर थाना के आरक्षक रूपेश और विनीत उपमन्यु की भूमिका रही।
ब्यूरो ऋषि रजक


