जबलपुर। जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और चरगवां थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से कुल 2 किलो 442 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 22 हजार रुपये है, बरामद किया गया। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
मुखबिर की सूचना पर घुघरी तिराहे में दबिश
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि घुघरी तिराहे के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच और चरगवां थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
मौके पर मिले संदिग्ध की पहचान शिवकुमार चौबे (42), निवासी ग्राम जमुनिया, थाना चरगवां के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके थैले से गांजा बरामद होने की बात सामने आई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए बरामद पदार्थ को जब्त किया।
पूछताछ में सामने आया दूसरे व्यक्ति का नाम
पुलिस की पूछताछ में शिवकुमार ने कथित तौर पर गांजा शहपुरा क्षेत्र के फुलर निवासी संदीप लोधी से खरीदने की जानकारी दी। इसके बाद टीम ने शहपुरा-भीटा तिराहे के पास स्थित पान की दुकान के नजदीक दबिश दी।
पुलिस के मुताबिक, वहां मिले संदीप लोधी (32), निवासी फुलर, शहपुरा की तलाशी के दौरान दुकान के बाजू में रखी एक थैली से गांजा बरामद हुआ। दोनों स्थानों से मिली खेप का कुल वजन 2 किलो 442 ग्राम बताया गया है।
धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों—शिवकुमार चौबे और संदीप लोधी—के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक प्रकाश पटेल, आरक्षक विपुल और गौरव लोधी सहित क्राइम ब्रांच के सहायक उपनिरीक्षक नरेश पासी, अखिलेश पांडे तथा आरक्षक गोविंद राय की भूमिका बताई गई है। पूरी कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई।
ब्यूरो ऋषि रजक की कलम से ✍️✍️
