जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली थाना पुलिस ने महेश भवन तलैया के पास वारदात की फिराक में खड़े एक युवक को देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पुलिस को देखते ही मौके से भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
जबलपुर एसपी सम्पत उपाध्याय ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त आरोपियों की पतासाजी कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी निर्देश के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़ एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली अखिलेश गौर के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना ने खोला हथियारबंद आरोपी का राज
थाना प्रभारी कोतवाली मानस द्विवेदी के अनुसार, 3 सितंबर 2026 की रात पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि काले रंग की शर्ट और काली जींस पहने एक युवक महेश भवन तलैया के पास देशी कट्टा लेकर किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सागर उर्फ श्रेयांश यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी चेरीताल, नई पुलिस चौकी के सामने, कोतवाली के रूप में हुई।
कमर में कट्टा, जेब में दो कारतूस
पुलिस ने जब आरोपी की तलाशी ली तो उसके कमर में दाहिनी तरफ देशी कट्टा खोसा हुआ मिला। वहीं उसकी पेंट की दाहिनी जेब से दो कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने देशी कट्टा और दोनों कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को यह हथियार और कारतूस कहां से मिले और वह इन्हें लेकर किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी में था।
पहले से दर्ज हैं तीन अपराध
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अपराधी प्रवृत्ति का है और उसके खिलाफ पूर्व में मारपीट एवं चोरी सहित तीन अपराध पंजीबद्ध हैं। ऐसे में पुलिस अब आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और हथियार उपलब्ध कराने वाले संभावित लोगों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
आरोपी को अवैध फायर आर्म्स के साथ पकड़ने में प्रधान आरक्षक सुनील दुबे, आरक्षक दान सिंह और आरक्षक उमेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।
ब्यूरो ऋषि रजक
