Breaking

“मड़ई में ‘वसूली गैंग’ का आतंक? व्यापारियों ने लगाई पुलिस से गुहार”


 जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र का मड़ई इलाका एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में है। यहां न्यू गुप्ता स्वीट्स पर कथित अवैध वसूली की मांग और उसके बाद पथराव व तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में नाराजगी देखी गई। मामले की जानकारी मिलने पर रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलहानी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और व्यापारियों के साथ बैठक कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

दुकान संचालक के बेटे हेमंत गुप्ता ने मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे घटना को लेकर अपनी आपबीती बताई। उनके मुताबिक घटना परसों रात करीब सवा आठ बजे की है, जब वह अपने पिता के साथ दुकान पर मौजूद थे।

पैसे मांगने का आरोप, विरोध के बाद बढ़ा विवाद


 हेमंत गुप्ता का आरोप है कि इसी दौरान बिज्जू चौधरी, छोटू कबाड़ी और जांगो नाम के व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और कथित तौर पर अवैध वसूली की मांग करने लगे। उनके पिता द्वारा इसका विरोध किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया।

हेमंत के मुताबिक स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने एक व्यक्ति को पीछे हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद अन्य लोग भी वहां पहुंच गए। इसके बाद दुकान में पथराव और तोड़फोड़ शुरू हो गई।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने दुकान की ओर ईंट-पत्थर फेंके। इस दौरान हेमंत के हाथ, पैर और जांघ में चोटें आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों के पास धारदार हथियार थे।

घटना के बाद व्यापारियों में नाराजगी

हमले की जानकारी फैलते ही इलाके के अन्य व्यापारी भी सक्रिय हुए। व्यापारियों ने क्षेत्र में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों और रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई।

घटना के बाद रांझी थाना पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस अब घटना के दौरान मौजूद लोगों, विवाद की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।

दुकान पहुंचे TI, व्यापारियों के साथ की बैठक

मामला सामने आने के बाद रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलहानी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र के व्यापारियों के साथ बैठक की और उनकी समस्याएं सुनीं।

व्यापारियों को पुलिस की ओर से आश्वस्त किया गया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रयास शुरू किए हैं।

रात की पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग

पीड़ित हेमंत गुप्ता ने पुलिस से मड़ई क्षेत्र में रात के समय पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि दुकान के सामने स्टेट एरिया में स्थित कुछ टूटे-फूटे क्वार्टरों में असामाजिक तत्वों के जमा होने की शिकायतें हैं।

हेमंत का आरोप है कि इन स्थानों पर रात में शराबखोरी और अन्य गतिविधियां होती हैं, जिसके बाद आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।

व्यापारियों का सवाल—रात में कौन संभालेगा सुरक्षा?

मड़ई में सामने आई इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्त और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि रात के समय संवेदनशील इलाकों में नियमित पेट्रोलिंग हो और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाए तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपों की वास्तविकता और घटना में शामिल लोगों की भूमिका जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस की कार्रवाई और फरार बताए जा रहे आरोपियों की गिरफ्तारी पर अब व्यापारियों की नजर बनी हुई है।

राज गुलाटी की कलम से

Post a Comment

Previous Post Next Post